Header Ads

चंडीगढ़ में पहली बार PRGI की हाइब्रिड कार्यशाला, प्रेस पोर्टल पर मिली विस्तार से जानकारी

 चंडीगढ़, प्रेस एवं पत्रिका पंजीकरण अधिनियम, 2023 और प्रेस सेवा पोर्टल से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर आज चंडीगढ़ में पहली बार एक हाइब्रिड कार्यशाला का आयोजन किया गया। भारत के प्रेस रजिस्ट्रार जनरल (PRGI) योगेश कुमार बावेजा ने यूटी गेस्ट हाउस में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता की, जिसमें पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के समाचार पत्रों व पत्रिकाओं के प्रकाशकों ने हिस्सा लिया।

डिजिटल व्यवस्था से बढ़ेगी पारदर्शिता

योगेश बावेजा ने कहा कि प्रेस सेवा पोर्टल की शुरुआत का उद्देश्य पंजीकरण, सर्कुलेशन वेरिफिकेशन और अन्य प्रक्रियाओं को डिजिटल, पारदर्शी और सरल बनाना है। इससे समय, संसाधन और श्रम की बचत के साथ-साथ कार्य की गति और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। अब प्रकाशक घर बैठे ऑनलाइन आवेदन, नवीनीकरण और सत्यापन कर सकेंगे।


प्रकाशकों की समस्याएं सुनीं, तुरंत समाधान

कार्यशाला में प्रकाशकों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। PRGI ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पोर्टल को और भी उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया जाएगा।

पीआईबी और PRGI का साझा प्रयास

इससे पहले प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) चंडीगढ़ के अपर महानिदेशक विवेक वैभव ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यशाला को ‘समाचार पत्रों के लिए ऐतिहासिक पहल’ बताया। उन्होंने कहा कि यह संवाद का महत्वपूर्ण मंच बना है, जो भविष्य में बड़ी सकारात्मक भूमिका निभाएगा।

प्रस्तुति और तकनीकी मार्गदर्शन

उप प्रेस रजिस्ट्रार आशुतोष मोहले ने विस्तृत पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के ज़रिये नए अधिनियम और पोर्टल के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुराने अधिनियम की तुलना में यह नया कानून अधिक पारदर्शी और सरल है।

समापन और धन्यवाद प्रस्ताव

पीआईबी चंडीगढ़ की सहायक निदेशक शीनम जैन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जबकि मंच संचालन मीडिया एवं जनसंचार अधिकारी अहमद खान ने किया।

No comments