प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन पर भाजपा चंडीगढ़ मनाएगी सेवा पखवाड़ा
चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस और महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इसकी तैयारियों की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। कार्यक्रम भाजपा कार्यालय कमलम में आयोजित हुआ, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए।
जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सहयोग और समर्पण का संदेश पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पूरा जीवन जनसेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच व पोषण जागरूकता अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, वृक्षारोपण, डिजिटल साक्षरता अभियान और दिव्यांगों तथा जरूरतमंदों की मदद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण के लिए संकल्प भी दिलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग समाज सेवा में जुड़ सकें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश महामंत्री रामबीर भट्टी, महामंत्री संजीव राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश पंचाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा की महामंत्री प्रिया पासवान और प्रदेश मीडिया इंचार्ज रवि रावत भी मौजूद रहे। संगठन ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने का संकल्प लिया है। यह पहल समाज में जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Post a Comment