पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए चंडीगढ़ वॉर्ड 10 के निवासी
चंडीगढ़, चंडीगढ़ नगर निगम की मेयर हरप्रीत कौर बाबला के नेतृत्व में वॉर्ड नंबर 10 के निवासियों ने पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों के साथ एकजुटता दिखाई है। इस मौके पर उन्होंने राहत कोष के रूप में 19 लाख रुपये चंडीगढ़ के उपायुक्त को सौंपे।
हालिया मूसलाधार बारिश ने पंजाब में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई परिवारों के घर, कृषि भूमि, पशुधन और अपनों की जान तक चली गई। इस विकट परिस्थिति में वॉर्ड नंबर 10 के निवासियों ने मिलजुलकर करुणा और जिम्मेदारी का परिचय दिया है। चंडीगढ़
रेड क्रॉस सोसायटी के मंच से एकत्रित धनराशि और खाद्य पैकेट जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाए जाएंगे। मेयर बाबला ने रेड क्रॉस सोसायटी की निस्वार्थ सेवा और समर्पण की सराहना की, जो हर आपदा में पीड़ितों के साथ खड़ी रहती है।
उपायुक्त की अपील पर मिला जनसमर्थन
मेयर ने उपायुक्त चंडीगढ़ की नेतृत्व क्षमता और संवेदनशील अपील की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उनकी पुकार ने पूरे शहरवासियों को राहत कार्यों में उदार योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
‘कर्तव्य निभाना हमारी जिम्मेदारी’
मेयर हरप्रीत कौर बाबला ने कहा, ‘इस कठिन समय में पंजाब के भाइयों-बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना हमारा कर्तव्य है। मैं वॉर्ड नंबर 10 और पूरे चंडीगढ़ के निवासियों पर गर्व करती हूं, जिन्होंने एकता और संवेदनशीलता का परिचय दिया।’

Post a Comment