पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने 97 नए बस चालकों को सौंपे नियुक्ति पत्र
चंडीगढ़ पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज चंडीगढ़ परिवहन (CTU) के 97 नवनियुक्त बस चालकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। यह अवसर न केवल चालकों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव था, बल्कि शहर के परिवहन तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम भी साबित हुआ।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने सभी नवनियुक्त
चालकों को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति केवल एक नौकरी नहीं है, बल्कि समाज और जनता की सेवा का एक गौरवपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि बस चालक केवल वाहन चलाने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह शहर की गति, यात्रियों की सुरक्षा और समयबद्धता का संरक्षक होता है। हर विद्यार्थी, हर श्रमिक और हर परिवार की यात्रा तभी सुरक्षित और सुखद हो सकती है, जब चालक अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाए।
कटारिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समय का पालन हर चालक का पहला कर्तव्य है। समय पर बस चलाना और गंतव्य तक पहुँचना न केवल प्रशासनिक अनुशासन है, बल्कि यह यात्रियों के जीवन से भी सीधा जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के प्रति शिष्टाचार और नम्र व्यवहार चालक की पहचान होनी चाहिए, क्योंकि चालक का आचरण ही यात्रियों के मन में परिवहन सेवा के प्रति विश्वास पैदा करता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बस केवल वहीं रुके जहाँ उसका निर्धारित स्थान है, क्योंकि यह अनुशासन न केवल यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाता है बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी आवश्यक है।
राज्यपाल ने कहा कि यात्री ही वास्तविक ग्राहक हैं और ग्राहक भगवान के समान होता है। उनकी देखभाल करना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हर चालक का दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि चालक को स्वयं भी सुरक्षित रहना चाहिए, क्योंकि स्वयं की सुरक्षा ही यात्रियों की सुरक्षा का आधार है।
अपने संबोधन में कटारिया ने चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा किए
जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि चंडीगढ़ जैसे स्वच्छ और योजनाबद्ध शहर में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। इसी उद्देश्य से प्रशासन इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े का विस्तार कर रहा है और आने वाले वर्षों में डीज़ल बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर इलेक्ट्रिक बसों से बदला जाएगा। यह पहल न केवल प्रदूषण को कम करेगी बल्कि “हरित और सतत चंडीगढ़” की परिकल्पना को भी साकार करेगी।
उन्होंने सी.टी.यू. की ऐतिहासिक यात्रा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 1966 में केवल 30 बसों से शुरू हुई यह संस्था आज 657 बसों के विशाल बेड़े के साथ ट्राइसिटी के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक सेवाएँ प्रदान कर रही है। पिछले कुछ वर्षों में सी.टी.यू. ने अपने बेड़े को सशक्त बनाने, इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय प्रगति की है। इसके साथ ही, राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त पुरस्कारों ने यह साबित किया है कि सी.टी.यू. देश में एक आदर्श सार्वजनिक परिवहन संस्था के रूप में उभर रही है।
इस अवसर पर चंडीगढ़ के मुख्य सचिव राजीव वर्मा, गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़, वित्त सचिव दीप्रवा लाकड़ा, परिवहन निदेशक प्रद्युम्न सिंह और चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Post a Comment