चंडीगढ़, 9 नवंबर । दीवाली के दौरान पटाखों के तेज धमाकों और शोर से कानों को होने वाले संभावित नुकसान से निपटने के लिए पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) के ईएनटी एवं हेड एंड नेक सर्जरी विभाग ने एक विशेष दीवाली हेल्पलाइन शुरू की है। विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जैमंती बख्शी और सह-प्रोफेसर डॉ. धर्म वीर की देखरेख में यह पहल की गई है, जिसका उद्देश्य कान के बहरेपन, कानों में घंटियां बजने (रिंगिंग) या भारीपन की समस्या से जूझने वाले मरीजों का समय रहते आकलन कर उनका त्वरित और उचित उपचार सुनिश्चित करना है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पिछली दीवाली के दौरान भी पटाखों के अत्यधिक शोर (नॉइज ट्रॉमा) के कारण लगभग सात मरीज ईएनटी ओपीडी में पहुंचे थे। इसी प्रकार की आपात स्थितियों और कान की गंभीर चोटों से समय पर बचाने के लिए संस्थान ने यह कदम उठाया है।
हेल्पलाइन नंबर और महत्वपूर्ण निर्देश
हेल्पलाइन नंबर: 070870 09764 या 094656 67171 पर टेक्स्ट मैसेज (SMS) भेजें।
समय सीमा: कान में किसी भी प्रकार की समस्या या चोट लगने के 24 घंटे के भीतर संदेश भेजना आवश्यक है।