चंडीगढ़,(प्रोसन बर्मन ) पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मंगलवार को चंडीगढ़ के बापू धाम में सुखना चो (छो) के ऊपर बनने वाले 12.25 करोड़ रुपये की लागत के हाई-लेवल ब्रिज की आधारशिला रखी। इस महत्वपूर्ण परियोजना के बनने से मनीमाजरा और सेक्टर-26 के बीच सड़क संपर्क काफी बेहतर हो जाएगा। इस अवसर पर यू.टी. चंडीगढ़ के मुख्य सचिव हिरियदका राजेश प्रसाद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। लगभग 12.25 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण कार्य शुरू होने के 12 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है, जिससे लोगों को सालभर सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
बरसात में डूबने की समस्या से मिलेगी मुक्ति
नया पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को ट्रैफिक जाम और बरसात के दिनों में रास्ता बंद होने की पुरानी समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में सुखना चो पर बना पुलिया मार्ग काफी संकरा है, जिस पर भारी वाहनों का दबाव नहीं संभलता और व्यस्त समय में अक्सर लंबा जाम लग जाता है। इसके अलावा, मानसून के दौरान जब सुखना झील का जलस्तर बढ़ने पर फ्लड गेट खोले जाते हैं, तो यह मार्ग पानी में डूब जाता है। सुरक्षा कारणों से आवाजाही बंद करनी पड़ती है, जिससे मनीमाजरा और सेक्टर-26 का संपर्क पूरी तरह कट जाता है। नया हाई-लेवल ब्रिज तैयार होने के बाद बरसात के मौसम में भी इस रूट पर वाहनों का आवाजाही सुचारू बनी रहेगी।
परियोजना की मुख्य विशेषताएं:
कुल लंबाई: इस प्रोजेक्ट के तहत एप्रोच रोड को मिलाकर कुल 450 मीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी, जिसमें 57 मीटर लंबा मुख्य पुल शामिल है।
सड़क और ट्रैक: पुल पर वाहनों के आने-जाने के लिए दो अलग-अलग लेन होंगी, जिनमें से प्रत्येक की चौड़ाई 9.50 मीटर होगी। इसके दोनों तरफ पैदल चलने वालों और साइकिल चालकों के लिए 2.50 मीटर चौड़े विशेष ट्रैक बनाए जाएंगे।
सुरक्षा मानक: राहगीरों और वाहनों की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग और क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। यह नया पुल मौजूदा चार लेन वाली सड़कों से जुड़ेगा, जिससे ट्रैफिक की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लगेगा।
इस आधारशिला समारोह के दौरान इंजीनियरिंग सचिव प्रेरणा पुरी, यू.टी. चंडीगढ़ के मुख्य अभियंता सी.बी. ओझा सहित चंडीगढ़ प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से न सिर्फ सड़क सुरक्षा पुख्ता होगी और ट्रैफिक का दबाव घटेगा, बल्कि शहर के अहम हिस्सों की कनेक्टिविटी भी कई गुना मजबूत होगी।
चंडीगढ़ के बापू धाम में सुखना चो पर बनने वाले हाई-लेवल ब्रिज की आधारशिला रखते प्रशासक गुलाब चंद कटारिया व अन्य अधिकारी।