चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन ) चंडीगढ़ की विभिन्न कॉलोनियों और गांवों में छठ पूजा के आयोजन के लिए नगर निगम जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा। मेयर सौरभ जोशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (एफएंडसीसी) की बैठक में छठ पूजा के दौरान सफाई, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य नागरिक सुविधाओं के इंतजाम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा शहर में कई विकास कार्यों के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
बैठक में नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, विशेष कमिश्नर हरप्रीत सिंह सूदन, कमेटी सदस्य हरजीत सिंह, जसबीर सिंह बंटी, योगेश ढींगरा और राजिंदर कुमार शर्मा (ऑनलाइन) सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
शौचालयों की मरम्मत और सड़कों के काम भी मंजूर
कमेटी ने गांव बड़हेड़ी, सेक्टर-41 में सार्वजनिक शौचालयों के नवीनीकरण के लिए 9.97 लाख रुपये और सेक्टर-44 के एसएसके में सफाई कर्मचारियों के लिए सैनिटेशन बूथ बनाने के लिए 32.45 लाख रुपये मंजूर किए। मनीमाजरा की इंदिरा कॉलोनी ग्रीन बेल्ट में एलईडी लाइटों और म्यूजिक सिस्टम के साथ फव्वारा लगाने पर 12.03 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सेक्टर-13 मनीमाजरा में सरकारी मॉडल मिडिल स्कूल के सामने पेवर ब्लॉक सड़क बनाने के लिए 17.52 लाख रुपये मंजूर किए गए। इंदिरा कॉलोनी की ग्रीन बेल्ट में टो-वॉल, रेलिंग और गेट की मरम्मत व पेंटिंग तथा वॉकिंग ट्रैक की मरम्मत पर 13.04 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड-25 के सेक्टर-37 और 38 में विभिन्न स्थानों पर लाइटें लगाने के लिए 20.25 लाख रुपये मंजूर किए गए।
सेक्टर-18-डी की इलेक्ट्रॉनिक मार्केट के पीछे सार्वजनिक शौचालय के नवीनीकरण पर 16.60 लाख और सेक्टर-37-डी की राजीव मार्केट में पुराने शौचालय की मरम्मत पर 18.69 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
कमेटी ने दिसंबर में क्राइसेन्थेमम शो-2026 आयोजित करने के लिए 29.83 लाख रुपये का बजट भी मंजूर किया। इसके अलावा गांव दरिया में हरीश ढाबे के पास बने पुराने ट्यूबवेल चैंबर को गिराने की अनुमति दी गई।