चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन ) पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सोमवार को शहर के प्रमुख स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, वहीं सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच-32) पहुंचकर वहां चलाई जा रही निःशुल्क लंगर सेवा का भी निरीक्षण किया।
सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के निरीक्षण के दौरान प्रशासक ने वेब्रिज (धर्मकांटा) और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और जनसुविधाओं में सुधार के लिए तेजी से कदम उठाए जाएं। क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी को पुख्ता करने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाने तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर बैरिकेडिंग मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, ट्रांसपोर्ट नगर के आसपास अनधिकृत रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
ट्रक चालकों के लिए कैंटीन की सुविधा के निर्देश
ट्रक चालकों और दूर-दराज से आने वाले आगंतुकों की सुविधाओं पर जोर देते हुए कटारिया ने अधिकारियों को ट्रांसपोर्ट नगर में जल्द कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समुचित संचालन और प्रबंधन में सुधार के लिए आपसी समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई बेहद जरूरी है।
लंगर सेवा की सराहना
इससे पहले, प्रशासक ने जीएमसीएच-32 का दौरा कर ‘धन गुरु राम दास लंगर सेवा’ की समीक्षा की। यह सेवा अस्पताल में अपने परिजनों के उपचार के दौरान लंबे समय तक रुकने वाले मरीजों के तीमारदारों और अन्य जरूरतमंद आगंतुकों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराती है। कटारिया ने इस सेवा पर संतोष व्यक्त करते हुए कठिन परिस्थितियों में लोगों को संबल प्रदान करने वाली इस मानवीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।