चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) दशहरा पर्व के दौरान 20 अक्तूबर को शहर में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी की है। शाम 5 से 7 बजे तक सेक्टर-17, 34 और 46 के दशहरा स्थलों के आसपास यातायात डायवर्ट या नियंत्रित किया जाएगा।
सेक्टर-17, 34 और 46 में पार्किंग व्यवस्था
सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड में आने वाले लोग सेक्टर-22 ए और बी मार्केट की पार्किंग, सेक्टर-17 फुटबॉल ग्राउंड, नीलम सिनेमा के आगे-पीछे और स्थानीय बस स्टैंड के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल कर सकेंगे। शाम 5 से 7 बजे तक सेक्टर-17 आईएसबीटी चौक की ओर आने वाले यातायात को 17/18 लाइट प्वाइंट, अरोमा लाइट प्वाइंट, सेक्टर-18/19/20/21 चौक और क्रिकेट स्टेडियम चौक से डायवर्ट या नियंत्रित किया जाएगा। इस दौरान संबंधित मार्ग पर केवल बसों को जाने की अनुमति होगी।
सेक्टर-46 के दशहरा ग्राउंड के लिए सेक्टर-46 मार्केट और 46-डी बूथ मार्केट के पास पार्किंग उपलब्ध रहेगी। सेक्टर-45/46 लाइट प्वाइंट से सेक्टर-46 तथा सेक्टर-46 बीएंडसी टी-प्वाइंट से दशहरा ग्राउंड की ओर जाने वाले यातायात को शाम 5 से 7 बजे तक नियंत्रित किया जाएगा।
सेक्टर-34 में गुरुद्वारे के सामने आयोजित दशहरा कार्यक्रम के लिए सेक्टर-34 की सब्जी मंडी, श्याम मॉल, लाइब्रेरी भवन और कॉम्प्लेक्स की पार्किंग के अलावा सेक्टर-33डी मार्केट के पास खुले मैदान में वाहन खड़े किए जा सकेंगे। सेक्टर-34 एएंडडी डिस्पेंसरी से सेक्टर-34 मार्केट और सेक्टर-33/34 लाइट प्वाइंट से सेक्टर-34 की ओर जाने वाले यातायात को भी शाम 5 से 7 बजे तक नियंत्रित किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने, वैकल्पिक मार्ग अपनाने और साइकिल ट्रैक व पैदल पथ पर वाहन खड़े न करने की अपील की है। नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को टो किया जा सकता है या उनके पहिये लॉक किए जा सकते हैं। वाहन टो होने या लॉक किए जाने पर ट्रैफिक हेल्पलाइन 1073 या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।