चंडीगढ़, श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी, सेक्टर-46 की ओर से आगामी 20 अक्टूबर को 29वां दशहरा महोत्सव पारंपरिक श्रद्धा व धूमधाम से मनाया जाएगा। सेक्टर-46 स्थित सब्जी मंडी ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 106 फुट ऊंचा रावण का पुतला होगा। इस बार रावण दहन के साथ-साथ चंडीगढ़ प्रशासन की मुहिम के तहत समाज से बुराई मिटाने के प्रतीक स्वरूप ‘नशे के पुतले’ का भी दहन किया जाएगा।
रविवार को सेक्टर-46 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कमेटी के मुख्य संरक्षक एवं चेयरमैन जतिंदर भाटिया, प्रधान नरिंदर कुमार भाटिया और महासचिव सुशील सोवत ने बताया कि महोत्सव में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीजीडीएसडी कॉलेज सोसाइटी के उपाध्यक्ष प्रो. सिद्धार्थ शर्मा करेंगे। समारोह में आईएएस वीके सिंह, डी. कार्तिके, दानिक्स अधिकारी नवीन रत्तू और पीसीएस राकेश कुमार पोपली समेत कई प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारी विशेष अतिथि होंगे।
रथ पर सवार रावण और सोने की लंका का दहन रहेगा खास
आयोजकों के मुताबिक, इस वर्ष पुतलों की बनावट में विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। रथ पर सवार रावण की गर्दन व चेहरा घूमेगा, नाभि से अमृत कुंड की धारा बहेगी और आंखों से आग के अंगारे निकलेंगे। इसके अतिरिक्त सोने की लंका का दहन भी श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा। सूर्यास्त के बाद मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित हरि कृष्ण व अन्य विद्वानों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों को अग्नि भेंट किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे निकलेगी शोभायात्रा, मंच पर रामलीला संवाद
20 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे सेक्टर-46 सनातन धर्म मंदिर से भव्य शोभायात्रा शुरू होगी, जो सेक्टर-47 और 45 से होते हुए शाम 4:30 बजे मेला ग्राउंड पहुंचेगी। मुख्य मंच पर शहर की विभिन्न रामलीला कमेटियों के कलाकार परशुराम-लक्ष्मण, रावण-अंगद और हनुमान-रावण संवाद की प्रस्तुतियां देंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए खिलौने बांटे जाएंगे।
दो हस्तियों को ‘चंडीगढ़ रत्न अवार्ड’
सराहनीय सेवाओं के लिए महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी के उप-कुलपति प्रो. प्रदीप सिंह वालिया तथा चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विंग में एसडीओ सरबन सिंह को इस वर्ष ‘चंडीगढ़ रत्न अवार्ड’ से नवाजा जाएगा।
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त, 8 हजार कुर्सियां लगेंगी
ग्राउंड में करीब एक लाख लोगों के जुटने की संभावना के मद्देनजर 8 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए चंडीगढ़ पुलिस के साथ निजी सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। दमकल गाड़ियों और एंबुलेंस का पुख्ता प्रबंध रहेगा। जो लोग मैदान तक नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए कई टीवी चैनलों पर इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।