चंडीगढ़, नगर निगम के वार्ड नंबर 24 के तहत पड़ते सेक्टर 42-सी में बूस्टर प्रेशर से पानी की आपूर्ति अगले 2 से 3 दिनों में पूरी तरह बहाल हो जाएगी। यह जानकारी वार्ड पार्षद एवं पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी ने दी। पार्षद बंटी ने बताया कि नगर निगम के बूस्टर सिस्टम से जुड़े मुख्य वाटर टैंक में लीकेज की समस्या आ गई थी, जिसके चलते उसके रखरखाव और मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया है। बुधवार को टैंक को पूरी तरह खाली करवा दिया गया है और अगले दो दिनों के भीतर विशेष केमिकल तथा सीमेंट की मदद से लीकेज को ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2 से 3 दिनों में टैंक की मरम्मत पूरी होते ही इलाके में सामान्य बूस्टर प्रेशर के साथ पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मरम्मत कार्य के दौरान कजौली नहर से आने वाली नगर निगम की सीधी नियमित पानी की सप्लाई चालू रहेगी, जिससे ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर के निवासियों को पानी की किल्लत नहीं होगी। इसके अलावा, ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों और जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के लिए नगर निगम की ओर से दो वाटर टैंकरों की व्यवस्था की गई है। एक टैंकर से सप्लाई के बाद दूसरे भरे हुए टैंकर को भेजा जा रहा है तथा क्रमवार ढंग से इलाकों में पानी पहुंचाया जा रहा है।
पार्षद ने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे जरूरत के मुताबिक अपनी टंकियां भर लें और पानी का संयम से इस्तेमाल करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि मरम्मत का काम जल्द से जल्द पूरा कराने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।