चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) नगर निगम चंडीगढ़ ने शहर के हरित क्षेत्रों को संवारने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में सेक्टर 15 में विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की है। मेयर सौरभ जोशी ने बुधवार को सेक्टर 15-सी व 15-डी की ग्रीन बेल्ट तथा सेक्टर 15-ए व 15-बी के फ्लोरल गार्डन में लैंडस्केपिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया। इन सभी परियोजनाओं पर कुल 33.69 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
मेयर ने बताया कि ग्रीन बेल्ट और फ्लोरल गार्डन के सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव पर लगभग 30 लाख रुपये की लागत आएगी। इसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों को स्वच्छ, हरा-भरा और सुखद वातावरण उपलब्ध कराना है।
शाम के समय पार्कों में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेक्टर 15-सी और 15-डी की ग्रीन बेल्ट में 16 लाख रुपये की अनुमानित लागत से तीन हाई-मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा, सेक्टर 15 स्थित कम्युनिटी सेंटर परिसर के भीतर और बाहर बेहतर रोशनी व्यवस्था के लिए 3.69 लाख रुपये की लागत से एक हाई-मास्ट लाइट तथा फ्लडलाइट से युक्त पांच ट्यूबलर पोल लगाए जा रहे हैं।
सौरभ जोशी ने कहा कि नगर निगम शहर के योजनाबद्ध विकास, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।