चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन ) नगर निगम चंडीगढ़ की ओर से 'स्वच्छता ज्ञान यात्रा' के तहत दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), चंडीगढ़ के कक्षा सातवीं के लगभग 300 विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक दौरे का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को डड्डूमाजरा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का दौरा कराया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्रोत पर ही कचरा अलग करने (सेग्रीगेशन), रिसाइक्लिंग और कंपोस्टिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस पहल का मकसद स्कूली विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें टिकाऊ कचरा प्रबंधन प्रणाली की बारीकियों से अवगत कराना रहा। दौरे के दौरान छात्रों को प्रत्यक्ष रूप से यह समझने का अवसर मिला कि किस तरह जिम्मेदार कचरा प्रबंधन शहर को स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों को घरों में कचरा कम पैदा करने, प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने और गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने जैसी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि युवा पीढ़ी को पर्यावरण गतिविधियों से जोड़कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में जनभागीदारी को मजबूत किया जा रहा है। निगम प्रशासन स्वच्छ, हरित और टिकाऊ चंडीगढ़ के निर्माण के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता अभियान जारी रखेगा।