चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) चंडीगढ़ में आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर इस बार श्रद्धालुओं को सेक्टर 42 स्थित न्यू लेक तक लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा। नगर निगम के मेयर सौरभ जोशी ने पूर्वांचल समुदाय के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया है कि शहर के विभिन्न हिस्सों में घर के नजदीक ही 14 स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम पार्षद सुमन शर्मा और बिमला दुबे के साथ अनिल दुबे के नेतृत्व में पूर्वांचल सभाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मेयर से मुलाकात कर अपने-अपने क्षेत्रों में छठ पूजा के आयोजन के लिए आवश्यक प्रबंध करने का मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विभिन्न कॉलोनियों, गांवों और ईडब्ल्यूएस रिहायशी इलाकों से व्रती महिलाओं व श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए सेक्टर 42 जाना पड़ता है। कठिन निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं, बुजुर्गों और उनके परिवारों को लंबी दूरी तय करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि कॉलोनियों व गांवों के पास ही कृत्रिम घाटों व पानी की व्यवस्था कर दी जाए तो श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
मेयर सौरभ जोशी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस प्रस्ताव को नगर निगम कमिश्नर के समक्ष रखकर समय रहते सभी चिह्नित 14 स्थलों पर पानी, साफ-सफाई व रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जगहों पर पूजा होने से सेक्टर 42 लेक पर भीड़ का दबाव कम होगा और शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
इन 14 प्रमुख स्थानों पर बनेगी व्यवस्था
प्रस्तावित स्थलों में मलोया और धनास के स्मॉल फ्लैट्स (ईडब्ल्यूएस कॉलोनी), धनास की कच्ची कॉलोनी, राम दरबार व बापूधाम की ईडब्ल्यूएस कॉलोनियां, मनीमाजरा की इंदिरा कॉलोनी व शिवालिक गार्डन, मौली जागरां, विकास नगर व सुंदर नगर, मौली पिंड, हल्लोमाजरा, दरिया, खुड्डा लाहौरा में पीजीआई के पास राम शरणम मंदिर के पीछे का क्षेत्र, खुड्डा अलीशेर, कैंबवाला और फैदां गांव शामिल हैं।