चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन से कथित भ्रष्टाचार मामले में सीबीआई ने करीब छह घंटे पूछताछ की। पूछताछ के बाद बाहर आए घुम्मन ने बताया कि उनसे करीब 40 सवाल पूछे गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जब भी उन्हें बुलाया जाएगा, वह जांच में शामिल होंगे। घुम्मन के अनुसार, सीबीआई ने उन्हें सोमवार दोपहर दो बजे फिर पूछताछ के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि वह जांच अधिकारियों के सामने बैठकर हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्हें उम्मीद है कि जांच पूरी होने के बाद उन्हें क्लीन चिट मिल जाएगी।
‘मुख्यमंत्री को बदनाम करने का मकसद’
घुम्मन ने आरोप लगाया कि इस मामले का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री भगवंत मान को बदनाम करना है। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रोपेगेंडा बताते हुए कहा कि फाइल में सिर्फ ड्रामेबाजी है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 5 अक्टूबर के आदेश के बाद सीबीआई ने यह मामला दर्ज किया था। एफआईआर में छह लोगों के नाम हैं। जांच में सरकारी अधिकारियों की तैनाती और तबादलों सहित विभिन्न प्रशासनिक मामलों में कथित लेन-देन के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। इन आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।