चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और नशामुक्त भारत का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली जा रही राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 रविवार को चंडीगढ़ से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने सुबह करीब आठ बजे रैली को हरी झंडी दिखाई। रैली का अंतिम पड़ाव गुजरात का एकता नगर है।
रैली में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के 45 पुलिसकर्मी शामिल हैं। ये पुलिसकर्मी 16 अक्तूबर को चंडीगढ़ पहुंचे थे। अभियान के तहत 17 अक्तूबर को सेक्टर-22-डी स्थित शिशु निकेतन पब्लिक स्कूल और सेक्टर-26 स्थित गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश
शिशु निकेतन पब्लिक स्कूल के 150 से 200 और गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल के 100 से 125 विद्यार्थियों ने कार्यक्रमों में भाग लिया। पुलिसकर्मियों, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और चंडीगढ़ पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने परिवार व समुदाय में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिशु निकेतन पब्लिक स्कूल में निदेशक-प्रधानाचार्य अमिता खुराना और गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल में हेडमास्टर भूपिंदर पाल मौजूद रहे। रैली को रवाना करने के अवसर पर आईजी पुष्पिंदर कुमार, डीआईजी राजीव रंजन सिंह, एसएसपी-यूटी कंवरदीप कौर, एसएसपी-ऑपरेशंस एवं साइबर राजेश कुमार शर्मा और एसपी-सिटी विजय भी उपस्थित रहे।