चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने नगर निगम अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। सोमवार को हुई बैठक में उन्होंने शहर में 14 स्थानों पर छठ पूजा की तैयारियों, कम्युनिटी सेंटरों के निर्माण और विकास नगर में नहरी पानी की आपूर्ति की प्रस्तावित परियोजना की समीक्षा की।
छठ पूजा और कम्युनिटी सेंटरों पर जोर
मेयर ने छठ पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए जरूरी नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने और सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने निर्माणाधीन कम्युनिटी सेंटरों का काम प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को इन सुविधाओं का लाभ जल्द मिल सके।
विकास नगर में नहरी पानी की आपूर्ति की प्रस्तावित परियोजना पर भी चर्चा हुई। मेयर ने संबंधित अधिकारियों को परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए समयबद्ध कदम उठाने को कहा। बैठक में नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा, संबंधित पार्षद, अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।