चंडीगढ़, नैदानिक उत्कृष्टता और गुणवत्तापूर्ण रोगी देखभाल के क्षेत्र में चंडीगढ़ स्थित पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) ने एक और बड़ी वैश्विक उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित पत्रिका 'न्यूजवीक' ने वैश्विक डेटा फर्म 'स्टैटिस्टा' के सहयोग से जारी ‘विश्व के सर्वश्रेष्ठ विशिष्ट अस्पताल-2027’ की सूची में पीजीआई को शामिल किया है। देश के इस अग्रणी चिकित्सा संस्थान को पाँच प्रमुख विशिष्ट चिकित्सा क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के अग्रणी अस्पतालों में स्थान मिला है।
पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “यह सम्मान हमारे संकाय सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग पेशेवरों, तकनीकी टीमों और सहयोगी कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण का परिणाम है, जो नैदानिक विशेषज्ञता को संवेदनशीलता और रोगी-केंद्रित देखभाल के साथ जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।” उन्होंने कहा कि यह पहचान संस्थान को स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने के लिए प्रेरित करती है।
इन पाँच विशिष्ट क्षेत्रों में मिला स्थान
इस वैश्विक रैंकिंग के तहत पीजीआई को जिन पाँच विशिष्ट चिकित्सा क्षेत्रों में अग्रणी संस्थानों में जगह मिली है, उनमें— कार्डियोलॉजी (हृदय रोग), एंडोक्राइनोलॉजी (अंतःस्रावी एवं हार्मोन संबंधी रोग), ऑन्कोलॉजी (कैंसर चिकित्सा), पीडियाट्रिक्स (बाल रोग) और पल्मोनोलॉजी (फेफड़ों एवं श्वसन संबंधी रोग) शामिल हैं।
यह रैंकिंग अस्पतालों की प्रतिष्ठा, मान्यता (एक्रेडिटेशन) और रोगियों द्वारा स्वयं रिपोर्ट किए गए उपचार परिणामों (PROMs) जैसे कड़े मानदंडों के आधार पर तैयार की गई है। वर्ष 1962 में स्थापित पीजीआईएमईआर “उत्कृष्टता, संवेदनशीलता और समानता” के अपने मूल्यों के साथ देश भर से आने वाले मरीजों को तृतीयक स्तर की स्वास्थ्य सेवाएँ देने के साथ-साथ चिकित्सा अनुसंधान को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।