चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन ) पंजाब नेशनल बैंक (PNB) द्वारा ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ के अवसर पर चंडीगढ़ में एक भव्य वॉकथॉन (Walkathon) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ आम समाज में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की भावना को प्रोत्साहित करना था।
इस वॉकथॉन का नेतृत्व बैंक के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) आशीष चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान महाप्रबंधक बसंत कुमार, महाप्रबंधक निधि भार्गव, उप महाप्रबंधक राजकुमार, उप महाप्रबंधक विष्णु लाल तथा सर्किल हेड संजीव कुमार झा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैनरों और नारों के जरिए दिया गया संदेश
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के जोनल ऑफिस चंडीगढ़, सर्किल ऑफिस चंडीगढ़ और लार्ज कॉरपोरेट ब्रांच (LCB) के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारी संख्या में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में विभिन्न जागरूकता संदेशों से युक्त बैनर और तख्तियां थामकर शहरवासियों को सत्यनिष्ठा, उच्च नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति अपनाने का मजबूत संदेश दिया। बैंक प्रबंधन का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ती है, बल्कि आम जनमानस में भी वित्तीय और प्रशासनिक ईमानदारी के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत होती है।