चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन ) आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां पूरी तरह तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’ में भाजपा चंडीगढ़ की कोर कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने विशेष रूप से शिरकत कर आगामी चुनावों की रणनीतिक समीक्षा की और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को जीत के कड़े मंत्र दिए।
बैठक के दौरान संगठनात्मक तैयारियों की गहन समीक्षा की गई और चुनावी रणनीति पर विस्तृत मंथन हुआ। इस उच्चस्तरीय बैठक में भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे, संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु, प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी व संजीव राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन व अरुण सूद, तथा चंडीगढ़ के महापौर सौरभ जोशी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करने पर विशेष बल
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनावों में सफलता के लिए घर-घर संपर्क, मतदाताओं के साथ सीधा संवाद और प्रत्येक वार्ड में प्रभावी जनसंपर्क अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ चुनावी मैदान में उतर जाएं।
इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के विभिन्न विभागों, मोर्चों और प्रकोष्ठों (युवा, महिला, ओबीसी, एससी और अल्पसंख्यक मोर्चा) के पदाधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को हर नागरिक तक पहुँचाया जाए।
पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी पार्टी
प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने केंद्रीय नेतृत्व को आश्वस्त किया कि भाजपा चंडीगढ़ इकाई आगामी नगर निगम चुनावों के लिए पूरी तरह एकजुट और तैयार है। बैठक में यह तय किया गया कि सभी वार्डों में जनसंपर्क अभियान को गति दी जाएगी, सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा और बूथ प्रबंधन को अधिक मजबूत बनाकर चुनावी वैतरणी पार की जाएगी।