चंडीगढ़। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के चंडीगढ़ सर्किल कार्यालय की ओर से रोटरी क्लब, चंडीगढ़ के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में पीएनबी के कार्यपालक निदेशक एम. परमशिवम, मुख्य महाप्रबंधक आशीष चतुर्वेदी और सर्किल प्रमुख संजीव कुमार झा मौजूद रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना की।
मानव सेवा का दिया संदेश
शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में योगदान देना था। बैंक कर्मचारियों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सतर्कता और नैतिक मूल्यों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी तथा मानवता की सेवा भी स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जरूरी है।