चण्डीगढ़ : दीपावली के पावन पर्व पर सेक्टर-43 बी स्थित रामलीला ग्राउंड में बाल रामलीला एवं दशहरा कमेटी की ओर से धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रामलीला ग्राउंड का मंच दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कमेटी के सदस्यों और कलाकारों ने मिलकर दीपावली का त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।
कार्यक्रम के दौरान रामलीला मंच पर दर्जनों शुद्ध घी के दीपक प्रज्वलित किए गए। दीपों की जगमगाती रोशनी के बीच कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम की आरती का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया गया। पूरा रामलीला ग्राउंड भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। आरती के दौरान उपस्थित सदस्यों ने भगवान श्रीराम का स्मरण कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की।
इस अवसर पर कमेटी के सदस्यों ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी में मनाया जाने वाला यह पर्व हमें सत्य, धर्म और आपसी भाईचारे के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
कमेटी की ओर से इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में बाल रामलीला एवं दशहरा कमेटी के सदस्य और कलाकार उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया।