अम्बाला/चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन ) छठ पूजा और त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने तथा उन्हें गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए रेलवे द्वारा लगातार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में अम्बाला मंडल से होकर दो विशेष ट्रेनों (Train on Demand) का संचालन किया जा रहा है, जिनका अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव निर्धारित किया गया है, ताकि बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके।
अम्बाला मंडल रेल प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04568 सरहिंद-सहरसा अनारक्षित विशेष ट्रेन 9 नवंबर को सरहिंद से चलकर राजपुरा और अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन (दोपहर 14:58 बजे आगमन तथा 15:03 बजे प्रस्थान) पहुंची। यह ट्रेन यमुनानगर-जगाधरी और सहारनपुर के रास्ते सहरसा के लिए रवाना हुई। इसके संचालन से बिहार जाने वाले यात्रियों को भारी भीड़ से राहत मिली है।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 04570 चंडीगढ़-कटिहार विशेष ट्रेन 9 नवंबर को रात्रि 23:00 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन रात्रि 23:50 बजे अम्बाला छावनी पहुंचेगी तथा 10 नवंबर को मध्यरात्रि 12:00 बजे कटिहार के लिए प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन भी यमुनानगर-जगाधरी और सहारनपुर सहित निर्धारित मार्ग से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।
यात्रियों से विशेष अपील
त्योहारी सीजन में स्टेशनों और ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान धैर्य एवं संयम बनाए रखें। ट्रेन में चढ़ने तथा उतरने के समय किसी भी प्रकार की जल्दबाजी या धक्का-मुक्की से बचें। रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, इसलिए यात्री अफरा-तफरी से बचें, रेलवे प्रशासन का सहयोग करें और अपनी सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।
विशेष ट्रेनों का मुख्य विवरण
सरहिंद-सहरसा स्पेशल (04568): अम्बाला छावनी आगमन दोपहर 14:58 बजे, प्रस्थान 15:03 बजे।
चंडीगढ़-कटिहार स्पेशल (04570): चंडीगढ़ से रात्रि 23:00 बजे, अम्बाला छावनी से रात्रि 23:50 बजे प्रस्थान।
प्रमुख मार्ग: यमुनानगर-जगाधरी एवं सहारनपुर।
उद्देश्य: त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करना और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करना।