पंचकूला, ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग में शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने बल्ला भी थामा। धामी ने कहा कि बल्ला हाथ में लेते ही उन्हें अपना बचपन याद आ गया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अभी तो वे युवा हैं और उनका मन खेलने का कर रहा है।
धामी ने खिलाड़ियों से ‘नशे को ना, खेल को हां’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए। ‘खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब’ जैसे नारों को व्यवहार में उतारने की जरूरत है।
हार से सीख लेकर आगे बढ़ें खिलाड़ी
धामी ने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है। जीतने वाला सफलता हासिल करता है, जबकि हारने वाला अनुभव और सीख लेकर आगे बढ़ता है। खिलाड़ियों को अनुशासन और पूरी लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति में प्रतिभा की कमी नहीं है। हरियाणा में खेल युवाओं की जीवनशैली का हिस्सा रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय, विशेषकर हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने नमो क्रिकेट लीग के संस्थापक-आयोजक तरुण भंडारी के प्रयासों की सराहना की।