फरीदाबाद, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के क्षेत्रीय कार्यालय, हरियाणा में 14 सितंबर से चल रहे हिंदी पखवाड़े का बुधवार को समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता कर्मचारियों को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय निदेशक हरि ओम प्रकाश ने कहा कि हिंदी भाषी प्रदेश हरियाणा में सभी का दायित्व है कि कार्यालय का समस्त कार्य हिंदी में किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारी राज्य बीमा निगम की सुविधाओं से अनजान अंतिम छोर पर बैठे श्रमिक तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
समारोह में महानिदेशक, ईएसआईसी की ओर से कार्यालयीन कार्य हिंदी में करने की अपील का भी वाचन किया गया। हिंदी पखवाड़े के दौरान निबंध लेखन, टिप्पण आलेखन, राजभाषा ज्ञान और वाक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
निजी सचिव मीना वर्मा और सहायक मनीषा कालरा ने कविताओं का पाठ किया। महिला कर्मचारियों ने कार्यालय को फूलों की रंगोली और मालाओं से सजाया।
वर्षभर हिंदी कार्यान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समन्वय शाखा को हिंदी चल शील्ड प्रदान की गई। समारोह में उप निदेशक शिव शक्ति शर्मा, विवेकानंद, विवेक, पूनम बाला और बृजेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।