चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन ) चंडीगढ़ के जिला न्यायालय परिसर, सेक्टर-43 में आयोजित विशेष लोक अदालत में 1,039 से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल 4 करोड़ 63 लाख 31 हजार रुपये की राशि के समझौते हुए। लोक अदालत के लिए 17 पीठों का गठन किया गया था। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस लोक अदालत का संचालन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, यूटी चंडीगढ़ ने संयुक्त रूप से किया। इसका आयोजन मुख्य न्यायाधीश एवं मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्रा तथा कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति अनूप चितकारा के मार्गदर्शन में हुआ।
विभिन्न श्रेणियों के मामले रखे गए
लोक अदालत में चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना मुआवजा दावे, वैवाहिक विवाद और यातायात चालान से जुड़े मामले सुनवाई के लिए रखे गए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष कंवलजीत सिंह बाजवा ने विभिन्न पीठों का दौरा कर पक्षकारों से बातचीत की। उन्होंने वैवाहिक विवादों में पक्षकारों को आपसी सहमति से समाधान तलाशने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि लोक अदालतें विवादों के सौहार्दपूर्ण निपटारे का प्रभावी माध्यम हैं। कंवलजीत सिंह बाजवा और सीजेएम-सह-सचिव सुनील कुमार ने आयोजन में सहयोग देने वालों का आभार जताया।