चंडीगढ़। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘गुरशीद मोहम्मद सिंह’ ने टोरंटो फिल्म अवॉर्ड्स 2026 में एशियन फीचर फिल्म कैटेगरी में विजेता बनकर अपनी पहचान बनाई है। सोढ़ी ड्रीम फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जसबीर गिल के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी, लेखन और निर्माण रंजीत सिंह ने किया है। फिल्म में माहाबीर भुल्लर, राज धालीवाल, संजू सोलंकी, मलकीत रौणी, गुरिंदर मखना, लखा लेहरी, गुरमन गिल, चिराग गिल, बानी कौर और गुरशरण सिंह सोढ़ी समेत कई कलाकार नजर आएंगे।
फिल्म का पोस्टर इसकी भावनात्मक कहानी की झलक पेश करता है। विभाजन के दौर में उजड़ते परिवारों, विस्थापन और संघर्ष के बीच रिश्तों की मजबूती को दर्शाती फिल्म में एक मां और बच्चे की तस्वीर दर्दनाक ऐतिहासिक घटनाओं के मानवीय पहलू को सामने लाती है।
टोरंटो फिल्म अवॉर्ड्स में मिली पहचान से फिल्म की रिलीज से पहले उत्साह बढ़ा है। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और दमदार कलाकारों से सजी यह फिल्म दर्शकों को विभाजन के उस दौर की संवेदनशील कहानी से रूबरू कराएगी।
फिल्म 11 दिसंबर को भारत सहित दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
फिल्म एक नजर में
फिल्म: गुरशीद मोहम्मद सिंह
निर्माता बैनर: सोढ़ी ड्रीम फिल्म्स
निर्देशक: जसबीर गिल
लेखक एवं निर्माता: रंजीत सिंह
रिलीज: 11 दिसंबर 2026
प्रदर्शन: दुनियाभर के सिनेमाघरों में