चंडीगढ़। पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ को स्वास्थ्य अनुसंधान में उत्कृष्टता के लिए लगातार दूसरे वर्ष सिल्वर श्रेणी का पुरस्कार मिला है। संस्थान को यह सम्मान तीसरे डीएचआर-आईसीएमआर स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता शिखर सम्मेलन-2026 में प्रकाशन मूल्यांकन मानदंडों के तहत प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार 16 और 17 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान 17 नवंबर को दिया गया। इसे भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर) के सचिव डॉ. राजीव बहल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रदान किया। पीजीआईएमईआर की ओर से यह पुरस्कार एमईआरसी सेल के फैकल्टी इंचार्ज डॉ. प्रतीक भाटिया ने प्राप्त किया।
संकाय सदस्यों के योगदान को मिला सम्मान
संस्थान के अनुसार, यह उपलब्धि उसके संकाय सदस्यों के अनुसंधान, शिक्षण और रोगी देखभाल के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है। पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल के नेतृत्व तथा डीन (रिसर्च) प्रो. संजीव हांडा और डीन (एकेडमिक) प्रो. संजय जैन के मार्गदर्शन में संस्थान इन क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए प्रयासरत है।
यह सम्मान ‘स्वास्थ्य अनुसंधान उत्कृष्टता—प्रकाशन मूल्यांकन मानदंड’ के तहत एक्स्ट्राम्यूरल संस्थान (ओवरऑल) श्रेणी में दिया गया। संस्थान ने इसे चिकित्सा अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में अपने प्रयासों की उपलब्धि बताया है।