चंडीगढ़। पूर्व प्रिंसिपल डॉ. केके धवन की 100वीं जयंती के अवसर पर 21 नवंबर को सेक्टर-16 डी स्थित आर्य समाज मंदिर में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी लिवर फोरम की ओर से मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। कैंप में 50 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 125 लोगों के लिवर की मुफ्त फाइब्रोस्कैन जांच की गई। इसके अलावा करीब 200 लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श दिया।
सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस कैंप में पूर्व पीजीआई विशेषज्ञ डॉ. संदीप धवन ने मरीजों की जांच कर उन्हें लिवर की सेहत और बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर फैटी लिवर की बढ़ती समस्या पर जागरूक करते हुए बताया गया कि भारत में हर तीसरा व्यक्ति फैटी लिवर की समस्या से प्रभावित है। लिवर को स्वस्थ रखने के लिए खानपान और जीवनशैली में बदलाव जरूरी है। भोजन में भरपूर मात्रा में ताजा सलाद, फल और प्रोटीन शामिल करना चाहिए। साथ ही रात का भोजन सूर्यास्त से पहले या जितना संभव हो सके जल्दी कर लेना चाहिए।
विशेषज्ञों के अनुसार, असंतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और बढ़ता वजन फैटी लिवर के प्रमुख जोखिम कारक हैं। नियमित व्यायाम, वजन पर नियंत्रण और समय-समय पर लिवर की जांच से इस बीमारी के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
आयोजकों ने कहा कि इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य लोगों को लिवर संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करना, समय रहते जांच के लिए प्रेरित करना और जरूरतमंदों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना था।