चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन ) वन एवं वन्यजीव विभाग, यूटी चंडीगढ़ की ओर से लेक रिजर्व फॉरेस्ट स्थित नेचर ट्रेल पर विद्यार्थियों के लिए निर्देशित प्रकृति भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मनीमाजरा टाउन और मॉडर्न हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के 195 से अधिक विद्यार्थियों तथा 10 शिक्षकों ने भाग लिया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जंगलों की जैव विविधता, वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के बारे में जानकारी हासिल की। संवाद और मौके पर अवलोकन के माध्यम से उन्हें पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण का महत्व समझाया गया।
प्रकृति संरक्षण के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर भूपिंदर सिंह की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस दौरान संबंधित ब्लॉक अधिकारी और विभाग के फील्ड कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रकृति के संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
विभाग के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना था।