चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) चंडीगढ़ में रविवार को आयोजित दूसरी इंटरनेशनल मैराथन में देश-विदेश के धावकों ने हिस्सा लिया। 42 किलोमीटर की फुल मैराथन में केन्या के जॉर्ज नगांगा ने पुरुष वर्ग और केन्या की जेन वांजिरू ने महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में इथियोपिया के देजेने बोन्सा मेल्का और त्सेहाय देसालेग्न अधाना विजेता रहे। वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में भारत के लवप्रीत सिंह और महिला वर्ग में प्रीति ने बाजी मारी।
पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सेक्टर-1 स्थित चंडीगढ़ क्लब के पास खुले मैदान से मैराथन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने खुद भी 5 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया। खेल विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से आयोजित इस मैराथन में अलग-अलग देशों और राज्यों के धावकों के साथ दिव्यांग प्रतिभागियों ने भी भाग लिया।
तीनों प्रमुख श्रेणियों में भारतीय और विदेशी धावकों का प्रदर्शन
42 किलोमीटर की फुल मैराथन के पुरुष वर्ग में केन्या के जॉर्ज नगांगा ने 2 घंटे 22 मिनट 18 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। केन्या के ही पॉल केमेई 2 घंटे 25 मिनट 21 सेकंड के समय के साथ दूसरे और इसी समय के साथ इसाक किप्रोनो येगो तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में केन्या की जेन वांजिरू ने 2 घंटे 46 मिनट 56 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान पाया। सेनायत केफेलेग्न लेशार्गे दूसरे और भारत की पारुल चौधरी तीसरे स्थान पर रहीं।
21 किलोमीटर की हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में इथियोपिया के देजेने बोन्सा मेल्का ने 1 घंटे 4 मिनट 48 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। भारत के कुलबीर सिंह दूसरे और नीरज तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में इथियोपिया की त्सेहाय देसालेग्न अधाना पहले, भारत की रेनू सिंह दूसरे और वर्षा देवी तीसरे स्थान पर रहीं।
10 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में लवप्रीत सिंह ने 29 मिनट 52 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। इसी समय के साथ दिव्यांशु कुमार दूसरे और पवन कुमार तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में भारत की प्रीति 35 मिनट 8 सेकंड के समय के साथ पहले स्थान पर रहीं। स्वाति पाल दूसरे और इथियोपिया की सेनायित अयाले अलेमु तीसरे स्थान पर रहीं।
विजेताओं को किया सम्मानित
मैराथन के बाद प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मुख्य अतिथि के रूप में पुरस्कार वितरण समारोह में हिस्सा लिया और विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि मैराथन केवल खेल आयोजन नहीं है, बल्कि स्वस्थ रहने, खुश रहने और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश भी देती है।
कटारिया ने युवाओं से नशे से दूर रहने और फिटनेस को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने नशामुक्त भारत के निर्माण पर जोर दिया। साथ ही चंडीगढ़ के लोगों से अपील की कि वे इस मैराथन में अधिक से अधिक भागीदारी करें, ताकि इसे देश की नंबर-1 मैराथन बनाया जा सके।
प्रशासक ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले आयोजकों, सहयोगियों, खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों और अधिकारियों की सराहना की। इस अवसर पर उन्हें सम्मान के प्रतीक भी भेंट किए गए।
42 किमी दौड़ के विजेता को 7 लाख रुपये
आयोजकों के अनुसार, फुल मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग में पहले स्थान पर रहने वाले प्रत्येक विजेता को 7 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 5 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 3 लाख रुपये दिए जाने का प्रावधान है।
हाफ मैराथन में पहले स्थान के लिए 4 लाख रुपये, दूसरे के लिए 3 लाख रुपये और तीसरे के लिए 1.5 लाख रुपये का पुरस्कार रखा गया। 10 किलोमीटर दौड़ में पहले स्थान पर 2 लाख रुपये, दूसरे पर 1.5 लाख रुपये और तीसरे पर 1 लाख रुपये दिए जाने का प्रावधान है। ये पुरस्कार पुरुष और महिला वर्ग के लिए अलग-अलग हैं।
इस अवसर पर खेल सचिव प्रेर्णा पुरी, चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत कुमार यादव, पुलिस महानिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार, खेल निदेशक सोरभ कुमार अरोड़ा और संयुक्त खेल निदेशक डॉ. महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।