चंडीगढ़ , संविधान गौरव दिवस के अवसर पर युवाओं में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लुधियाना में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यसभा सदस्य एवं पद्मश्री राजिंदर गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में तक्षशिला सेंटर फॉर लीडरशिप डेवलपमेंट के मेधावी विद्यार्थियों, युवा पेशेवरों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में 26 नवंबर, 1949 को भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अपनाने के ऐतिहासिक पल को याद करते हुए संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी दूरदर्शी सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी, ताकि नागरिकों को संविधान के महत्व और इसके निर्माताओं के योगदान के प्रति जागरूक किया जा सके।
इस अवसर पर राजिंदर गुप्ता ने कहा कि डॉ. बीआर अंबेडकर द्वारा तैयार किया गया भारतीय संविधान देश के लिए सबसे अनमोल विरासत है। आज की युवा पीढ़ी को संविधान के मूल्यों और आदर्शों से जोड़ना देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। हम इस संविधान गौरव दिवस पर उन्हें और उनके जीवन को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की जनकल्याण और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता के अनुरूप भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य ऐसा भारत बनाना है, जहां प्रत्येक परिवार को बुनियादी सुविधाएं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो तथा प्रत्येक नागरिक विश्व पटल पर गर्व के साथ अपनी पहचान स्थापित कर सके।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया। वक्ताओं ने जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।
कार्यक्रम का समापन संविधान के आदर्शों और मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने तथा एक सशक्त, समतामूलक, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।