चंडीगढ़ ( प्रोसन बर्मन ) पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज कलाग्राम, चंडीगढ़ में पारंपरिक नगाड़ा बजाकर 16वें चंडीगढ़ राष्ट्रीय क्राफ्ट मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रशासक के साथ चंडीगढ़ के मुख्य सचिव हिरीदका राजेश प्रसाद, पंजाब के राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव विवेक प्रताप सिंह, सेक्रेटरी कल्चरल अफेयर्स डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NZCC), पटियाला के निदेशक अश्विन महेश दलवी और निदेशक कल्चरल अफेयर्स नवीन भी उपस्थित थे।
चंडीगढ़ प्रशासन के कल्चरल अफेयर्स विभाग और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NZCC), पटियाला द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह 10 दिवसीय मेला 27 नवंबर से 6 दिसंबर, 2026 तक चलेगा। मेले में 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 225 शिल्पकार और 250 से अधिक लोक कलाकार अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, संगीत और नृत्य का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस वर्ष मेले की थीम ‘चंडीगढ़: संस्कृतियों का संगम’ रखी गई है, जो शहर की विविध सांस्कृतिक पहचान और विभिन्न परंपराओं के मेल को दर्शाती है। मेले में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन भी आकर्षण का केंद्र हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रशासक ने शिल्पकारों को भारत की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षक बताते हुए कहा कि वे अपनी कला और हुनर के माध्यम से सदियों पुरानी परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के उद्देश्य से 1980 के दशक में क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों की स्थापना की थी। चंडीगढ़ को ‘मिनी इंडिया’ बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के लोग आपसी सद्भाव के साथ रहते हैं, जो ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और विविधता में एकता की भावना को दर्शाता है।
‘वोकल फॉर लोकल’ के महत्व पर जोर देते हुए प्रशासक ने नागरिकों से त्योहारों, उपहारों और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए स्थानीय शिल्पकारों द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिल्पकारों को उनकी कला का उचित मूल्य, बेहतर बाजार और सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलने चाहिए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ पहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से पारंपरिक शिल्पकारों को कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, आर्थिक सहायता और अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने पारंपरिक शिल्प को आधुनिक डिजाइन, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन बिक्री से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि रोजगार के नए अवसर पैदा हों और स्थानीय उत्पाद देश-विदेश के बाजारों तक पहुंच सकें। साथ ही, पारंपरिक कलाओं की मौलिकता बनाए रखना भी जरूरी है।
प्रशासक ने युवाओं को पारंपरिक कला और शिल्प से जोड़ने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में कार्यशालाएं आयोजित करने तथा अनुभवी शिल्पकारों और युवा डिजाइनरों के बीच संवाद और सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि चंडीगढ़ प्रशासन कला, संस्कृति और शिल्पकारों के कल्याण से जुड़ी पहलों को लगातार प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने कलाग्राम का पूरे वर्ष बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए यहां विभिन्न सांस्कृतिक और कला संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने की संभावनाएं तलाशने पर भी जोर दिया, ताकि यह स्थान सालभर सांस्कृतिक गतिविधियों का जीवंत केंद्र बना रहे।
मेले की उद्घाटन संध्या पर देश के विभिन्न हिस्सों के लोक नृत्यों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं। इसके बाद साध्वी पूर्णिमा (पूनम दीदी बरसाने वाले) ने ‘भक्ति शक्ति संगीत’ की प्रस्तुति दी। मेले के दौरान सूफी, पंजाबी, हरियाणवी, उत्तराखंडी, कश्मीरी और हिमाचली संगीत संध्याओं का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें लखविंदर वडाली, आर. नाइट, सोमवीर कथूरवाल, आभा हंजूरा, गगन कोकरी और प्रभ गिल सहित कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।