अम्बाला । यात्रियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल द्वारा यात्री ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर आपातकालीन मेडिकल बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रेलवे बोर्ड एवं चिकित्सा निदेशालय के निर्देशों तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अम्बाला मंडल में कुल 60 इमरजेंसी मेडिकल बॉक्स लगभग 1.52 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 23 मेडिकल बॉक्स विभिन्न यात्री ट्रेनों में उपलब्ध करवाए जा चुके हैं, जबकि शेष 37 मेडिकल बॉक्स रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध करवाए जाने हैं।
ट्रेनों में उपलब्ध करवाए गए 23 मेडिकल बॉक्स चंडीगढ़, अम्बाला छावनी, बठिंडा एवं कालका डिपो से संचालित होने वाली चिन्हित यात्री ट्रेनों में रखे गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने अथवा किसी चिकित्सा आपात स्थिति में प्राथमिक चिकित्सा सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा सके।
इस व्यवस्था के अंतर्गत विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गई हैं। स्टेशनों पर मेडिकल बॉक्स की सुरक्षित स्थापना एवं रखरखाव की जिम्मेदारी स्टेशन अधीक्षक/स्टेशन मास्टर की होगी, जबकि ट्रेनों में संबंधित ट्रेन सुपरिंटेंडेंट/ट्रेन टिकट परीक्षक (TTE) मेडिकल बॉक्स के संरक्षक होंगे तथा ट्रेन में उसकी उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
साथ ही अम्बाला मंडल में रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया द्वारा मंडल रेलवे अस्पताल में मरीजों के लिए बनाए जाने वाले नए कैबिनों का शिलान्यास भी किया गया।
इन नए कैबिनों के निर्माण से अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को बेहतर एवं सुविधाजनक चिकित्सा वातावरण उपलब्ध होगा। इससे मरीजों को अधिक आरामदायक उपचार सुविधा मिलेगी तथा अस्पताल की मौजूदा चिकित्सा व्यवस्थाओं को भी और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
मंडल रेल प्रबंधक ने इस अवसर पर कहा कि रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। मंडल प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर उन्नयन एवं विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।