त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने चंडीगढ़ और बरौनी के बीच आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 04538 मंगलवार, 10 नवंबर को चंडीगढ़ से बरौनी के लिए रवाना होगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 04537 बरौनी से 12 नवंबर को चंडीगढ़ के लिए चलेगी। इससे बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
चंडीगढ़ से रात 10 बजे होगी रवाना
ट्रेन संख्या 04538 चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रात 10 बजे रवाना होगी। यह रात 11:10 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी। इसके बाद यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, सुरेमनपुर, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर होते हुए 12 नवंबर की सुबह 3:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी में सुबह 6:30 बजे चलेगी ट्रेन
वापसी में ट्रेन संख्या 04537 बरौनी से 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होगी। यह समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा, सुरेमनपुर, बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी, प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, यमुनानगर-जगाधरी और अंबाला कैंट होते हुए 13 नवंबर को दोपहर 1:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
दोनों ट्रेनों में एसी और स्लीपर श्रेणी के कोच होंगे। रेलवे ने यात्रियों को विस्तृत जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 या रेलवे की वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर संपर्क करने की सलाह दी है।