चंडीगढ़ । चंडीगढ़ संघ शासित प्रदेश के वन एवं वन्यजीव विभाग ने वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया देहरादून के सहयोग से 20 से 27 नवंबर 2025 तक सुखना वाइल्डलाइफ सेंचुरी सहित शहर के अन्य वन क्षेत्रों में व्यापक वन्यजीव सर्वेक्षण आयोजित किया। सर्वेक्षण से पहले विभाग ने 18 और 19 नवंबर को फील्ड स्टाफ, पंजीकृत स्वयंसेवकों, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, चंडीगढ़ बर्ड क्लब, मीडिया प्रतिनिधियों और वन्यजीव प्रेमियों के लिए दो चरणों में प्रशिक्षण कार्यशालाएं करवाईं। 28 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे विभाग के द्वितीय तल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सर्वेक्षण के समापन सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक सौरभ कुमार उपस्थित हुए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की वैज्ञानिक टीम, नागरिक समाज और मीडिया कर्मियों ने भाग लिया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि ने सर्वेक्षण में शामिल स्वयंसेवकों, नागरिक समाज संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों को भागीदारी प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि यह पहल सुखना वाइल्डलाइफ सेंचुरी के वैज्ञानिक प्रबंधन में चंडीगढ़ के नागरिकों की सक्रिय भूमिका को सुदृढ़ करती है। उन्होंने वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के विशेषज्ञ मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि इस सहयोग ने सर्वेक्षण को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाया।
मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने अंत में वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से अनुरोध किया कि वे भविष्य में प्रस्तावित सर्वेक्षणों के लिए उपयुक्त समयावधि सहित मासिक कार्ययोजना विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि संरक्षण कार्यों को और अधिक सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।