चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन ) भारत में डायबिटीज तेजी से एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती का रूप लेती जा रही है और आशंका जताई जा रही है कि आने वाले वर्षों में देश इसके सबसे बड़े केंद्रों में शामिल हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय अनुमानों के अनुसार, वर्ष 2050 तक दुनिया भर में डायबिटीज से पीड़ित लोगों की संख्या 853 मिलियन (85.3 करोड़) से अधिक हो सकती है। इसी बढ़ते खतरे के बीच विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित एक विशेष मीडिया संवाद के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ के एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं डायरेक्टर जिनी हेल्थ डॉ. अनिल भंसाली ने डायबिटीज की रोकथाम, उपचार और रिमिशन की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डॉ. भंसाली ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से वे डायबिटीज रिमिशन के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि करीब 50 प्रतिशत डायबिटीज मरीजों को अपनी इस बीमारी का तब तक पता नहीं चलता, जब तक उनकी मेडिकल स्क्रीनिंग नहीं होती। इसलिए देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर व्यस्त जीवनशैली जीने वाले लोगों के लिए नियमित डायबिटीज जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने चिंता जताई कि 20 से 30 वर्ष की उम्र के युवाओं में टाइप-2 डायबिटीज के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जो कि एक ऑटोइम्यून बीमारी 'टाइप-1' से बिल्कुल अलग है। खराब खानपान, अस्वस्थ जीवनशैली और तेजी से बढ़ता वजन इसका मुख्य कारण है।
जंक फूड और सेडेंटरी लाइफस्टाइल सबसे बड़े दुश्मन
खराब पोषण और 'सेडेंटरी लाइफस्टाइल' (लगातार बैठे रहने की आदत) को डायबिटीज के दो सबसे बड़े दुश्मन बताते हुए डॉ. भंसाली ने कहा कि यह स्वास्थ्य के लिए तंबाकू जितनी ही गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह धारणा पूरी तरह गलत है कि केवल अधिक वजन या मोटे लोगों को ही डायबिटीज होती है। सामान्य बीएमआई (18 से 23) वाले भारतीयों को भी टाइप-2 डायबिटीज हो सकती है, क्योंकि कई लोगों में पेट के आसपास जमा चर्बी (विसरल फैट) मेटाबॉलिक जोखिम बढ़ा देती है। उन्होंने चेतावनी दी कि 90 सेंटीमीटर से ज्यादा बेल्ट साइज या कमर का घेरा मोटापे और डायबिटीज का स्पष्ट संकेत है।
खानपान पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि चीनी के अलावा गुड़ और शहद जैसे अन्य रूपों में भी अतिरिक्त शुगर का सेवन कम से कम किया जाना चाहिए। आम, केला और अंगूर जैसे मीठे फलों को पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन उनका सेवन सीमित मात्रा में होना चाहिए। फलों का जूस पीने के बजाय साबुत फल खाना बेहतर है, क्योंकि उनमें मौजूद फाइबर शुगर के अवशोषण की गति को धीमा करता है।
वजन नियंत्रण और संतुलित आहार से संभव है रिमिशन
टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित अधिक वजन वाले मरीजों के लिए वजन कम करना बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। शुरुआती चरण में खानपान में सुधार और नियमित व्यायाम के जरिए डायबिटीज रिमिशन की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं। इसके लिए मरीजों को अत्यधिक पाबंदियों वाली सख्त डाइट के बजाय संतुलित और टिकाऊ आहार अपनाना चाहिए। सही समय पर पहचान, वजन नियंत्रण और सक्रिय जीवनशैली अपनाकर डायबिटीज के प्रबंधन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।