चंडीगढ़ । भारतीय चिकित्सा जगत और अनुसंधान के क्षेत्र में पीजीआईएमईआर (चंडीगढ़) ने वैश्विक पटल पर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। संस्थान के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के प्रमुख प्रो. अक्षय कुमार सक्सेना को विश्व की प्रतिष्ठित संस्था 'अमेरिकन कॉलेज ऑफ रेडियोलॉजी' (एसीआर) द्वारा मानद फेलो (Honorary Fellow) चुना गया है।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान पाने वाले प्रो. सक्सेना देश के प्रमुख शीर्ष चिकित्सा संस्थानों में एम्स की पूर्व निदेशक डॉ. स्नेह भार्गव के बाद दूसरे और उत्तर भारत व पीजीआई चंडीगढ़ के पहले विशेषज्ञ बन गए हैं। अमेरिकन कॉलेज ऑफ रेडियोलॉजी दुनिया के सबसे बड़े मेडिकल इमेजिंग संगठनों में से एक है, जो रेडियोलॉजी के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर असाधारण व परिवर्तनकारी योगदान देने वाले चुनिंदा विशेषज्ञों को ही यह मानद फेलोशिप प्रदान करता है।
एसीआर ने भारत में बाल चिकित्सा (पीडियाट्रिक) इमेजिंग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेडियोलॉजी के विकास में प्रो. सक्सेना के अग्रणी योगदान की सराहना की है। उनके अब तक 175 से अधिक शोध पत्र और 23 पुस्तक अध्याय प्रकाशित हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने पीजीआई में स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोटोकॉल तैयार करने के अलावा भारत और अमेरिका में महत्वपूर्ण इमेजिंग दिशानिर्देश विकसित करने में भी मुख्य भूमिका निभाई है।
सोसायटी फॉर इमरजेंसी रेडियोलॉजी इन इंडिया के अध्यक्ष प्रो. सक्सेना अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नियमित रूप से व्याख्यान और तकनीकी सत्रों का संचालन करते रहे हैं। यह उपलब्धि पीजीआई चंडीगढ़ के विश्वस्तरीय अनुसंधान, निदान और उत्कृष्ट रोगी देखभाल के मानकों को वैश्विक मान्यता दिलाती है।