चंडीगढ़, आम आदमी पार्टी (आप) के स्टेट जॉइंट सेक्रेटरी नरिंदर भाटिया की ओर से नगर निगम के वार्ड नंबर-34 के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-45 और 46 के श्रद्धालुओं के लिए माता चिंतपूर्णी और माता ज्वाला जी के दर्शनों हेतु एक निःशुल्क धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया। सेक्टर-45 स्थित सनातन धर्म मंदिर से श्रद्धालुओं का यह जत्था माता के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच रवाना हुआ। इस धार्मिक यात्रा को आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के अध्यक्ष विजय पाल और वार्ड पार्षद हरदीप सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा के दौरान क्षेत्र के निवासियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग इस धार्मिक यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे। शुरुआती योजना के तहत एक बस की व्यवस्था की गई थी, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी मांग और उनके उत्साह को देखते हुए मौके पर टेंपो ट्रैवलर का भी प्रबंध किया गया, ताकि सभी श्रद्धालु पूरी सुविधा और आराम के साथ माता के दर्शनों के लिए रवाना हो सकें।
धार्मिक आयोजनों से बढ़ता है आपसी भाईचारा: नरिंदर भाटिया
इस अवसर पर आयोजक एवं 'आप' नेता नरिंदर भाटिया ने कहा कि इस प्रकार की धार्मिक यात्राओं के आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
नरिंदर भाटिया ने कहा कि जनता का अपार प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और भविष्य में भी क्षेत्रवासियों की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का पूरा सम्मान करते हुए ऐसे कल्याणकारी आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे। इस पावन अवसर पर आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।