चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) आगामी जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को सुचारू और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए चार्ज स्तर के अधिकारियों के लिए दो दिवसीय व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम यूटी गेस्ट हाउस, चंडीगढ़ में शुरू हो गया। इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य आगामी जनगणना कार्य के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और मैदानी अमले की तैयारियों को पूरी तरह सुदृढ़ करना है।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान अधिकारियों को आधुनिक परिचालन प्रक्रियाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और उनके प्रशासनिक दायित्वों से विस्तार से परिचित कराया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आपसी प्रभावी समन्वय, आंकड़ों की उच्च गुणवत्ता और पूरी तरह सटीकता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए सैद्धांतिक सत्रों के साथ-साथ प्रत्यक्ष प्रदर्शन और तकनीकी अभ्यास (हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग) भी कराए गए।
जमीनी स्तर की सटीकता पर है पूरा जोर: डीसी
कार्यक्रम के महत्व पर बल देते हुए चंडीगढ़ के प्रधान जनगणना अधिकारी-सह-उपायुक्त निशांत कुमार यादव, आईएएस ने कहा, “जनगणना साक्ष्य-आधारित शासन और राष्ट्रीय नियोजन का मूल आधार है। इसकी पूरी विश्वसनीयता जमीनी स्तर पर एकत्र किए गए आंकड़ों की सटीकता पर निर्भर करती है। चार्ज स्तर के अधिकारी जनगणना तंत्र और धरातल पर काम करने वाले अमले के बीच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी मुस्तैदी और तैयारी ही इस पूरी प्रक्रिया की गुणवत्ता, समयबद्धता और प्रमाणिकता को सीधे तौर पर निर्धारित करेगी।”
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण शिविर में पूरी सक्रियता से भाग लें, अपनी हर प्रकार की शंका का समाधान करें और प्राप्त तकनीकी ज्ञान का पूरी ईमानदारी से उपयोग करें, ताकि चंडीगढ़ में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का कार्य बेहद व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
डिजिटल टूल्स और मोबाइल ऐप का मिला तकनीकी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की मूलभूत अवधारणाओं, परिभाषाओं, गणना में शामिल किए जाने वाले व्यक्तियों की विभिन्न श्रेणियों, निर्धारित प्रश्नावली और आंकड़ों की गुणवत्ता की निगरानी जैसे अहम विषयों पर गहन चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों और लिपिकों की व्यक्तिगत भूमिकाओं व जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
विशेष रूप से सीएमएमएस पोर्टल पर आयोजित व्यावहारिक सत्रों में गणना ब्लॉक (EB) के गठन, प्रशिक्षण प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स और डैशबोर्ड की कार्यप्रणाली के साथ-साथ संक्षिप्त मकान सूचियां और चार्ज रजिस्टर तैयार करने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को जनसंख्या गणना (PE) मोबाइल एप्लिकेशन के सेटअप और उसके प्रभावी उपयोग का भी प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान ईबी क्रिएटर के माध्यम से उप-गणना ब्लॉक का सीमांकन, लेआउट मानचित्र तैयार करने और एसई पोर्टल की खूबियों से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया।