चंडीगढ़। पीजीआई चंडीगढ़ के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में सोमवार को एड्स जागरूकता सप्ताह की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ आर्ट सेंटर पीजीआई में हुआ, जहां प्रोफेसर इनचार्ज आर्ट डॉ. अमन शर्मा ने शिक्षा और सहयोग को एड्स प्रबंधन की सबसे प्रभावी नींव बताते हुए जागरूकता के महत्व पर जोर दिया। इंटरएक्टिव सत्रों के तहत पीजीआई के प्रमाणित योग विशेषज्ञ द्वारा योग कक्षा करवाई गई, जिसका उद्देश्य मरीजों को बीमारी के साथ जीवन की गुणवत्ता बेहतर करने में मदद देना था। मरीजों और उनके उपस्थित परिजनों को जानकारीपरक सामग्री प्रदान की गई तथा परामर्श सत्र भी आयोजित किए गए। गतिविधियों में सौ से अधिक मरीजों और उनके परिजनों ने भाग लिया।आर्ट टीम मंगलवार को न्यू ओपीडी पीजीआईएमईआर स्थित कक्ष संख्या 2021 में ‘हेल्थ एंड योगा’ तथा ‘पोषण पर चर्चा’ जैसी गतिविधियां आयोजित करेगी। इस वर्ष विश्व एड्स दिवस की थीम ‘ओवरकमिंग डिस्ट्रक्शन, ट्रांसफॉर्मिंग द एड्स रिस्पॉन्स’ निर्धारित की गई है, जो एड्स के खिलाफ लड़ाई में नए संकल्प और नवाचारपूर्ण रणनीतियों की आवश्यकता पर बल देती है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मरीजों और समुदाय को शिक्षा, वेलनेस गतिविधियों और सहानुभूतिपूर्ण देखभाल के माध्यम से सशक्त बनाने के अपने प्रयास जारी रखे हुए है।