चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन ) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने अपनी स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने पर हीरक जयंती उत्सव बेहद गरिमामय ढंग से मनाया। पश्चिमी कमान मुख्यालय विशेष महानिदेशक कार्यालय, चंडीगढ़ ने लखनौर, मोहाली और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कैंपस में कार्यक्रम आयोजित किए। समारोह की अध्यक्षता भारतीय पुलिस सेवा के अपर महानिदेशक सतीश एस खंडारे ने की। उन्होंने जवानों के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और देश की रक्षा में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने बीएसएफ की छह दशकों की उपलब्धियों और भारत सरकार द्वारा सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 01 दिसंबर 1965 को 25 बटालियन के साथ स्थापित बीएसएफ आज 193 बटालियन की ताकत के साथ विश्व का सबसे बड़ा सीमा सुरक्षा बल है, जो पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ 6,386 किलोमीटर लंबी सीमा की रक्षा करता है। केवल पश्चिमी कमान ही भारत-पाक सीमा के 2,289.66 किलोमीटर की सुरक्षा कर रहा है।
अपर महानिदेशक ने जवानों की बहादुरी और विभिन्न अभियानों की सफलताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्गम परिस्थितियों, धुंध और खराब मौसम में भी बीएसएफ ने घुसपैठ, ड्रग्स, हथियारों और ड्रोन तस्करी को प्रभावी तौर पर रोका है। वर्ष 2025 में पश्चिमी सीमा पर 380 किलो हेरोइन, 200 से अधिक हथियार जब्त किए गए और 53 घुसपैठिए पकड़े गए। इस दौरान 278 पाकिस्तानी ड्रोन भी बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि जम्मू और पंजाब में आई भयंकर बाढ़ में बीएसएफ ने सेना, वायुसेना और एनडीआरएफ के साथ मिलकर हजारों लोगों को सुरक्षित निकाला और राहत पहुंचाई। कैडर समीक्षा के बाद बल में 23,000 से अधिक कर्मियों को पदोन्नति दी गई है। साथ ही खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर बीएसएफ के खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान किए गए हैं।
समापन में ‘बड़ाखाना’ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जवानों व पूर्व सैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खंडारे ने सभी से सीमा पर अधिक सतर्कता बरतने और बल की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखने का आह्वान किया।