चंडीगढ़, सार्वजनिक रास्तों पर बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर नकेल कसने के लिए नगर निगम चंडीगढ़ ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। जॉइंट कमिश्नर हिमांशु गुप्ता के निर्देश पर प्रवर्तन शाखा की टीम ने सेक्टर-28 मोटर मार्केट और बुडैल क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की। मोटर मार्केट सेक्टर-28 में कई मैकेनिक सड़क पर ही वाहन रिपेयर करते मिले, जिससे राहगीरों को परेशानी और ट्रैफिक बाधित हो रहा था। निगम टीम ने 15 वाहन जब्त कर मौके पर ही चालान जारी किए।
बुडैल में भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए 10 अवैध और सड़कों पर कब्जा जमाए वाहनों को उठाया गया।
आज की संयुक्त कार्रवाई में कुल 25 वाहन जब्त किए गए, जिससे साफ संदेश गया कि अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निगम अधिकारियों ने कहा कि अभियान लगातार चलेंगे। सार्वजनिक स्थानों को कब्जामुक्त रखने पर पूरा जोर रहेगा। ट्रैफिक सुचारू रखना और नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता। निगम ने दुकानदारों और वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि अवैध पार्किंग या सड़क कब्जे पर सीधी कार्रवाई होगी और किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।