चंडीगढ़, नगर निगम चंडीगढ़ ने गुरुवार को अवैध कब्जों और सार्वजनिक स्थानों के दुरुपयोग के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की। निगम की प्रवर्तन टीम ने सैक्टर-26 में एक होटल मालिक द्वारा निर्धारित पार्किंग क्षेत्र को आयरन ग्रिल लगाकर कब्जा करने की शिकायत पर मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटवाया और संबंधित के खिलाफ चालान काटा। इसी के साथ मनीमाजरा क्षेत्र में लंबे समय से सड़क किनारे खड़ी कबाड़ वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। टीम ने यहां कई परित्यक्त कारों और मोटरसाइकिलों को हटाकर आवाजाही सुचारू कराई।
अभियान के दौरान सैक्टर-26 में विभिन्न अवैध कब्जों के खिलाफ 15 चालान और मनीमाजरा में सार्वजनिक स्थानों पर छोड़ी गई कबाड़ गाड़ियों को लेकर 14 चालान जारी किए गए। कुल मिलाकर निगम ने 29 चालान काटते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि शहर की स्वच्छता, व्यवस्था और सार्वजनिक क्षेत्रों के संरक्षण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि लोगों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित शहर का वातावरण मिल सके।