चंडीगढ़, खुले में कचरा जलाने के मामलों पर जीरो टॉलरेंस अपनाते हुए चंडीगढ़ नगर निगम ने पहली बार अपने ही आउटसोर्स कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। सेक्टर-44 में कचरा जलाने पर निगम ने ठेका कंपनी ‘लायंस सर्विसेज’ के सफाई कर्मचारी रविंदर कुमार पर 6,701 रुपए का चालान किया है। साथ ही कंपनी ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, आईएएस ने कहा कि खुले में कचरा जलाना नगरपालिका ठोस कचरा (MSW) नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इससे वायु प्रदूषण बढ़ता है और लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा खतरा पैदा होता है। इसलिए न तो नागरिकों को और न ही निगम के कर्मचारियों को ऐसी कार्रवाई की छूट दी जाएगी। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति—चाहे वह आम नागरिक हो, निगम कर्मचारी हो या आउटसोर्स वर्कर—को बख्शा नहीं जाएगा। सभी सेक्टरों में लगातार निगरानी रखी जाएगी और उल्लंघन पर तुरंत दंडात्मक कार्रवाई होगी।
उन्होंने नागरिकों, सफाई कर्मचारियों और संबंधित एजेंसियों से अपील की कि वे कचरा निस्तारण के नियमों का कड़ाई से पालन करें और शहर को साफ-सुथरा व प्रदूषण मुक्त बनाए रखने में सहयोग दें।