चंडीगढ़, शहर की स्वच्छता व्यवस्था को पलीता लगाते हुए प्रशासन के दो टिपर वाहन दादूमाजरा में अवैध रूप से निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (C&D) कूड़ा फेंकते पकड़े गए। नगर निगम की टीम ने दोनों वाहनों पर ₹13,401-13,401 का चालान किया तथा पुलिस को सूचित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। बताया गया कि यह मलबा सेक्टर-25 से यहां लाया गया था। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, आईएएस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी ठेकेदारों, चालकों, हेल्परों और फील्ड स्टाफ को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि गैर-निर्धारित स्थानों पर मलबा फेंकने या कचरे की श्रेणियों को मिलाने जैसी लापरवाहियां किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि C&D वेस्ट को केवल अधिकृत रिसाइक्लिंग प्लांट तक ही पहुंचाया जाए। नियमों के उल्लंघन पर भारी चालान, निलंबन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनके अनुसार, नगर निगम के कर्मचारी और आउटसोर्स स्टाफ अनुशासन व जवाबदेही के उच्च मानकों का पालन करें — यही शहर की सफाई व्यवस्था की मजबूती का आधार है। उन्होंने निगरानी बढ़ाने के लिए जीपीएस आधारित ट्रैकिंग तथा फील्ड पर्यवेक्षण को और कड़ा करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि ऐसी घटनाओं पर पूर्ण रूप से रोक लग सके।