चंडीगढ़, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि पंजाब के युवाओं ने अपने भविष्य को लेकर बड़े सपने देखे हैं और राज्य सरकार उनका भविष्य सुरक्षित बनाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। इसी उद्देश्य के तहत जापान और दक्षिण कोरिया का दौरा किया गया, जहां कई प्रतिष्ठित कंपनियों व संस्थानों ने पंजाब में निवेश और तकनीकी सहयोग में गहरी रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने बताया कि जापान बैंक ऑफ इंटरनेशनल कॉरपोरेशन ने क्लीन एनर्जी सेक्टर में सहयोग का भरोसा दिया है। यामाहा मोटर मोहाली में ईवी व्हीकल्स के लिए रिसर्च एंड डेवलपमेंट केंद्र शुरू करने पर सहमत हुई है, जबकि होंडा मोटर पंजाब में पार्ट्स निर्माण बढ़ाने को तैयार है।
फूड प्रोसेसिंग और कृषि विविधीकरण के लिए महत्वपूर्ण जापानी एजेंसी जायका ने 800–900 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव रखा है। यह प्रोजेक्ट किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। फ्यूजी फिल्म्स, NEC और सुमीटो कॉरपोरेशन ने भी आईटी और औद्योगिक क्लस्टर विकास में दिलचस्पी दिखाई है। टोपान होल्डिंग हेल्थकेयर और कैंसर रिसर्च में निवेश की तैयारी में है। नागोया स्थित येनमार कंपनी पंजाब में कृषि उपकरण प्रोजेक्ट्स को विस्तार देगी। आईची स्टील भी अलग से नया प्लांट लगाने पर विचार कर रही है।
कोरिया में भी दैवू सहित कई बड़ी कंपनियों से चर्चा हुई। उन्हें मार्च 2026 में होने वाले इन्वेस्ट पंजाब समिट में आमंत्रित किया गया है, जिसमें जापान और कोरिया से लगभग 250 कंपनियों की भागीदारी की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्राइवेट कंपनियों को काम का अवसर देने के लिए टर्नओवर और अनुभव की शर्तों में राहत दी है। राज्य में पहले से कार्यरत विदेशी कंपनियां भी पंजाब की ब्रांड एंबेसडर बनकर और निवेश लेकर आएंगी।
नवजोत कौर के 500 करोड़ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की नौकरी के लिए काम कर रही है, जबकि विपक्ष कुर्सियों के रेट तय करने में व्यस्त है।