चंडीगढ़ । पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। मौली जागरां थाना पुलिस ने ई-एफआईआर के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी निशानदेही पर दो रॉयल एनफील्ड बुलेट समेत कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसएसपी कंवरदीप कौर के निर्देशन, एसपी सिटी केएम प्रियंका के मार्गदर्शन और एसडीपीओ नॉर्थ-ईस्ट विजय सिंह की निगरानी में की गई। मौली जागरां थाना प्रभारी हरिओम शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को काबू किया।
मामला ई-एफआईआर नंबर 1631, दिनांक 15 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता मोहित ने ऑनलाइन शिकायत में बताया था कि उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस (CH-01CE-3055) मोटरसाइकिल घर से चोरी हो गई है। जांच के दौरान पुलिस ने संदीप सिंह उर्फ दीप (24 वर्ष) को मौली कॉम्प्लेक्स से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने डोना मट्टर गांव, तहसील गुरुहरसहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब) में छापेमारी की। यहां से एक काली रॉयल एनफील्ड स्टैंडर्ड, एक सफेद रॉयल एनफील्ड क्लासिक, एक एचएफ डीलक्स और दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
जांच में सामने आया है कि सभी वाहन चंडीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। बरामद मोटरसाइकिलों को पुलिस कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। मामले की आगे की जांच जारी है।