चंडीगढ़, शहर में बाजारों की व्यवस्था सुधारने, पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारु रखने और नागरिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम चंडीगढ़ ने शुक्रवार को अवैध और बिना पंजीकरण के वेंडरों के खिलाफ व्यापक एंटी-एन्क्रोचमेंट अभियान चलाया। यह कार्रवाई शहर के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों पर की गई। अभियान के दौरान नगर निगम की प्रवर्तन टीमों ने उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां वेंडर बिना वैध पंजीकरण या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए कारोबार कर रहे थे। कार्रवाई में कुल 87 चालान जारी किए गए। साथ ही, फुटपाथों और सार्वजनिक जगहों पर लगाए गए अस्थायी अतिक्रमण भी हटाए गए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिल सके।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोनों में अनुशासन बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है और सार्वजनिक भूमि पर अनधिकृत कब्जे को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने वेंडरों से अपील की कि वे समुचित पंजीकरण कराएं और तय नियमों का सख्ती से पालन करें।