चंडीगढ़। भारतीय फिल्म उद्योग के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के सिनेमा में अमूल्य योगदान को समर्पित एक भावनात्मक और संगीतमय संध्या ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन’ का आयोजन किया गया। यादों, गीतों और भावनाओं से सजी इस शाम में धर्मेंद्र के सुनहरे फिल्मी सफर को सुरों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में पंजाबी फिल्म अभिनेत्री सतवंत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विशेष अतिथियों में न्यायमूर्ति संजय सचदेवा, क्विज़ मास्टर किशोर कुमार शर्मा और संगीत निर्देशक सुभाष कटारिया शामिल रहे।
संध्या का सबसे यादगार क्षण तब आया, जब न्यायमूर्ति संजय सचदेवा ने धर्मेंद्र पर फिल्माए गए लोकप्रिय गीत ‘लेना होगा जन्म हमें कई-कई बार’ को स्वर दिया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया और सभागार तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान अनेक कलाकारों ने धर्मेंद्र के सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। मोना शर्मा और राजकुमार बटिश ने ‘आ जा तेरी याद आई’, रमेश आहूजा ने ‘पल पल दिल के पास’, पालविंदर सिंह ने ‘मैं जात पगला दीवाना’, गुलशन सोनी और जसपाल सिंह ने ‘कुछ कहता ये सावन’ प्रस्तुत किया।
इसके अलावा पूनम शर्मा व हरजीत ने ‘चाहे रहो दूर चाहे रहो पास’, वरिंदर प्रीत सिंह ने ‘मैं निगाहें तेरे चेहरे से’, पूनम शर्मा व एम.पी. सिंह ने ‘काली पलक तेरी गोरी’, प्रियंका मरवाहा व आर.सी. दास ने ‘आपको पहले भी कहीं देखा है’ गाया। आर.एन. गुप्ता की ‘मुझे दर्द-ए-दिल का पता न था’ और पल्लवी व बी.पी. शर्मा की ‘चला भी हो’ को भी खूब सराहना मिली।
गुलशन सोनी व नवीन ने ‘बदरा छाए के झूले पड़ गए’ और किशोर कुमार शर्मा ने ‘मैं कहीं कवि न बन जाऊँ’ गाकर समां बांध दिया।
संगीत, स्मृतियों और भावनाओं से सजी इस संध्या ने धर्मेंद्र के सिनेमा को दिए गए अविस्मरणीय योगदान को नमन करते हुए दर्शकों को एक यादगार अनुभव दिया।